हमारे पतिदेव ने जब यह किताब खरीदी तो हमने किताब का शीर्षक देख ,इसे उनका "मिडिल एज सिंड्रोम" माना और कोई विशेष उत्साह जाहिर नही किया. लगा ज़रूर किसी वीर पुरुष ने अपने वीरोचित गुणों का बखान किया होगा. मुझे क्या? काफ़ी दिनों तक किताब को घूरने के बाद मैंने इसे पढ़ना शुरू किया. मज़ा आ गया.इससे पहले मैंने चेतन भगत, अभिजीत भादुड़ी और बाद में दूर्योजय दत्ता और मानसी आहूजा की किताबें भी पढ़ी हैं. पर इस किताब का मज़ा ही कुछ और ही है. कहानी फिल्मी ढंग से ही चलती रहती है. घटनाएँ भी फिल्मी ढंग से घटित होती रहती हैं. अब आप कहेंगे तो फिर अच्छा क्या है?
तो सुनिए- ख़ासियत है कथाकार का अंदाज़े बयान.
तुषार ने तेजस और श्रेया की प्रेमकहानी को ताज़े और रुचिकर ढंग से प्रस्तुत किया है. मुझे सबसे ज़्यादा जिस बात ने छुआ, वह है कथानायक का नायिका, अपनी बहन एवं अन्य पात्रों के प्रति सम्मान. जीवन मूल्यों के प्रति आदर. कथा में हास्य रस का यथोचित सटीक और सुंदर समावेश किया गया है. विश्वाश कीजिए अगर आप किसी पूर्वाग्रह से न ग्रसित हों तो ,आप किताब पढ़ते-पढ़ते अचानक ही खिलखिला कर हँस पड़ेंगे.
आपने फिल्म "मुन्नाभाई एम.बी.बी.एस." तो देखी ही होगी. सब कुछ फिल्मी था पर कहानी से जुड़े आदर्श और भावनाएँ हमें वाह-वाह करने को मज़बूर कर देते हैं. कुछ ऐसा ही मुझे इस कहानी को पढ़ कर लगा.
तुषार राहेजा कथाकार के रूप में सफल साबित हुए हैं. यह उनकी पहली पुस्तक है जिसे उन्होंने आई. आई. टी. दिल्ली में इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग करते हुए फाइनल ईयर में लिखा. उनको इस किताब के सफल लेखन के लिए बधाई.
सृष्टि प्रकाशन की इस किताब का मूल्य मात्र सौ रुपये है.
कुछ पाठकों ने पुस्तक की विषयवस्तु अति साधारण होने का दोष मढ़ा है. मैं उन्हें बस इतना कहूँगी की ज़िंदगी का असली मज़ा छोटी-छोटी बातों को जी-भर कर जी लेने में है. बड़े- बड़े आदर्शों को नेताओं के लिए छोड़ दीजिए.